Breaking News

कच्छा-बनियान गैंग पर इस्लामनगर पुलिस का बड़ा वार, मुठभेड़ में दबोचे गए 5 बदमाश

Spread the love


बदायूं में डकैती-लूट की वारदातों का खुलासा, तीन बदमाशों के पैरों में लगी गोली; लाखों के जेवर, नकदी और तमंचे बरामद

संवाददाता : गोविंद देवल

बदायूं। इस्लामनगर क्षेत्र में दहशत का पर्याय बने कच्छा-बनियान गैंग पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसते हुए मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक सिपाही भी फायरिंग में जख्मी हुआ है। बदमाशों के कब्जे से लूट और डकैती में लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, 35 हजार रुपये नकद, तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक 19 और 20 मई की रात ग्राम सिठौली और कस्बा इस्लामनगर में डकैती और लूट की सनसनीखेज घटनाएं हुई थीं। बदमाशों ने घरों में घुसकर मारपीट करते हुए नगदी और जेवर लूट लिए थे। घटनाओं के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर बदमाशों की तलाश में कई टीमें लगाई गई थीं।

सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल बदमाश इस्लामनगर-चंदौसी मार्ग स्थित बरई पुल के पास ग्राम उल्ला के जंगल में छिपे हुए हैं और किसी नई घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने जंगल की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें आरक्षी अनुज कुमार घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में मनोज, किशनपाल और भूरे के पैरों में गोली लग गई।

घायल बदमाशों की पहचान मनोज पुत्र तेजपाल निवासी बहजोई, किशनपाल निवासी जनैटा थाना बनियाठेर और भूरे उर्फ भूरा निवासी हापुड़ के रूप में हुई। इसके अलावा कांबिंग के दौरान दीपक गोस्वामी उर्फ पंडित और ओमवीर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपियों को पुलिस सुरक्षा में जिला अस्पताल भेजा गया है।

ऐसे देता था गैंग वारदात को अंजाम

पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उनका गिरोह पहले मांगने-खाने के बहाने गांवों में रैकी करता था। इसके बाद रात में कच्छा-बनियान पहनकर घरों में घुसता और डकैती व लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य साथियों की तलाश भी जारी है।

भारी मात्रा में बरामद हुआ लूटा गया सामान

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से सोने-चांदी के कई आभूषण, मंगलसूत्र, पाजेब, अंगूठियां, नथ, बिछुए समेत अन्य सामान बरामद किया है। साथ ही 35 हजार रुपये नकद, तीन अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, डंडे और एक टॉर्च भी बरामद हुई है।

कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे

गिरफ्तार बदमाशों पर बदायूं, संभल, हापुड़ और गौतमबुद्धनगर समेत कई जिलों में डकैती, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार किशनपाल पर पहले से कई संगीन धाराओं में केस दर्ज हैं।

खुलासे पर पुलिस टीम को मिला इनाम

घटना का सफल अनावरण करने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस्लामनगर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के मामले का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, सिपाही भी घायल

Spread the loveसंवाददाता बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के दर्ज …

error: Content is protected !!