व्यापारियों को पुलिस की दो टूक, दुकान पर लगाएं CCTV कैमरे
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में पुलिस प्रशासन और व्यापारियों के बीच अहम गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय ने व्यापारियों, उद्यमियों और व्यापार मंडल प्रतिनिधियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
गोष्ठी के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि बाजारों और प्रतिष्ठानों में कैमरे लगने से अपराधियों की पहचान आसान होगी और चोरी, लूट जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
बैठक में शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर बढ़ते अवैध कब्जों और ठेले-खोमचे से लगने वाले जाम पर भी गंभीर चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सड़क किनारे अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
व्यापारियों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे, जिनके त्वरित निस्तारण का भरोसा दिलाया गया। अधिकारियों ने व्यापारियों से पुलिस का सहयोग करने और शहर की कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इसके साथ ही गोष्ठी में साइबर जागरूकता अभियान के तहत व्यापारियों को ऑनलाइन ठगी, साइबर क्राइम और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक पर भरोसा न करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Budaun Amarprabhat