दो दिन के अभियान में 126 वाहन चालक कार्रवाई की जद में, 7 वाहन सीज; वसूला गया 5.47 लाख का जुर्माना
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। सड़क पर स्टंट, तेज आवाज और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बदायूं पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए दो दिनों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में यातायात पुलिस और जनपदीय पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर, प्रेशर हॉर्न और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कस दिया।
23 और 24 मई को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने शहर और प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग की। अभियान में सबसे ज्यादा कार्रवाई हूटर और प्रेशर हॉर्न लगाने वाले वाहन चालकों पर हुई। पुलिस ने ऐसे 48 वाहनों के चालान किए। वहीं मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाले 11 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
इसके अलावा बिना एचएसआरपी और फाल्टी नंबर प्लेट वाले 50 वाहनों के चालान काटे गए। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 14 लोगों को भी पुलिस ने पकड़कर कार्रवाई की। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के 3 मामले भी सामने आए, जिन पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 7 वाहनों को सीज किया गया, जबकि विभिन्न मामलों में करीब 5 लाख 47 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। दो दिवसीय अभियान के दौरान कुल 126 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके।
Budaun Amarprabhat