विधायक हरीश शाक्य व ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम रहे मुख्य अतिथि
बदायूँ। शहर के सिटी मॉल स्थित सभागार में देर शाम जीएनआईओटी (GNIOT) ग्रेटर नोएडा द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिल्सी विधायक माननीय हरीश शाक्य जी एवं युवा ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह जी संयुक्त रूप से मौजूद रहे। इस गौरवमयी कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में कार्यरत शिक्षकों की मेहनत और उनके योगदान को सराहते हुए उन्हें सम्मानित करना था। हाल ही में घोषित हुए सीबीएसई (CBSE) और यूपी बोर्ड के परीक्षा परिणामों में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट श्रेणी में उत्तीर्ण होने का श्रेय शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया गया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि व बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होते हैं और एक सुदृढ़ राष्ट्र के निर्माण में उनकी भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने शिक्षकों को ‘राष्ट्र निर्माता’ बताते हुए उनकी कड़ी मेहनत की सराहना की। वहीं, विशिष्ट अतिथि युवा ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह ने अपने बोर्डिंग स्कूल के दिनों के संस्मरण और गुरु-शिष्य परंपरा के अनुभवों को साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
बदायूँ में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य संयोजक के रूप में सीबीएसई के अंग्रेज़ी प्रवक्ता सैफ़-उद्दीन एवं आइडियल क्लासेज के निदेशक अर्जुन यादव की भूमिका सराहनीय रही। वहीं, ग्रेटर नोएडा से आई जीएनआईओटी की टीम में मयंक श्रीवास्तव, दीपिका, दीपाली, केशव शर्मा और अभिषेक राठौर शामिल रहे, जिन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को बखूबी संभाला। समारोह के अंत में सभी सम्मानित शिक्षकों ने संस्थान का आभार व्यक्त किया।
Budaun Amarprabhat