Breaking News

बुआ के घर आए युवक का संदिग्ध हालात में शव मिला, हत्या की आशंका

Spread the love

राहुल मौर्य
मसवासी (रामपुर)। कोतवाली क्षेत्र के गांव धनोरी में सोमवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। युवक कुछ दिनों से अपनी बुआ के घर रह रहा था। शव पर चोट के निशान और कपड़े फटे होने के कारण परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मसवासी क्षेत्र के गांव ज्वालापुर निवासी 18 वर्षीय प्रियांशु पुत्र नरेश अपनी बुआ चंद्रकला के घर गांव धनोरी आया हुआ था। बताया जाता है कि रविवार रात वह खाना खाने के बाद घर में सो गया था। सोमवार सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो वह चारपाई पर नहीं मिला।
परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो कुछ दूरी पर जंगल में खेत के किनारे उसका शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। युवक के कपड़े फटे हुए थे तथा शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे परिजन और ग्रामीण हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।


Spread the love

About Budaun Amarprabhat

Check Also

गंगा स्नान के दौरान किशोरी लापता, एसडीआरएफ और पीएसी की टीमें तलाश में जुटीं

Spread the loveसहसवान। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला वरन के पास गंगा नदी में स्नान …

error: Content is protected !!