राहुल मौर्य
मसवासी (रामपुर)। समाजवादी पार्टी से नगर पंचायत अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी एवं युवा सपा नेता मोहम्मद इस्लाम रजा ने मसवासी नगर पंचायत के प्रस्तावित विस्तार पर आपत्ति जताते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने भूबरा मुस्तहकम और सीतारामपुर को नगर पंचायत में शामिल किए जाने के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने तथा इसके स्थान पर खुशहालपुर और बिजारखाता को नगर पंचायत सीमा में शामिल करने की मांग की है।
ज्ञापन में मोहम्मद इस्लाम रजा ने कहा कि जिन क्षेत्रों को नगर पंचायत विस्तार के लिए प्रस्तावित किया गया है, उनकी दूरी मसवासी नगर पंचायत से कई किलोमीटर है। इसके विपरीत खुशहालपुर और बिजारखाता की आबादी नगर पंचायत सीमा से सटी हुई है और दोनों क्षेत्र नगर की मूलभूत सुविधाओं तथा गतिविधियों से सीधे जुड़े हुए हैं। ऐसे में नगर पंचायत के विस्तार के लिए इन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि खुशहालपुर और बिजारखाता को शामिल करने से नगर पंचायत का संतुलित एवं व्यावहारिक विस्तार होगा तथा स्थानीय लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। मोहम्मद इस्लाम रजा ने चेतावनी दी कि यदि उनकी आपत्ति और मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वह न्यायालय की शरण लेने को विवश होंगे। उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत विस्तार संबंधी प्रस्ताव की पुनः समीक्षा कराने की मांग की है।
Budaun Amarprabhat