Breaking News

पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर रेलवे अलर्ट, स्टेशनों पर बढ़ाई गई सुरक्षा और सुविधाएं

Spread the love

बदायूं समेत मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर आरपीएफ-जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती, अभ्यर्थियों को बांटा गया शरबत

बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के मद्देनजर पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों और अभ्यर्थियों की सुरक्षा तथा सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में बरेली सिटी, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, फर्रुखाबाद, कन्नौज और पीलीभीत समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर व्यापक व्यवस्थाएं की गईं।

रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज तथा प्रवेश-निकास द्वारों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की अतिरिक्त तैनाती की है। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विशेष गश्त भी कराई जा रही है।

भीषण गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों और यात्रियों के लिए शीतल पेयजल तथा शरबत वितरण की व्यवस्था की गई। वहीं यात्रियों की सहायता के लिए स्टेशनों पर अस्थायी “आरपीएफ मे आई हेल्प यू” बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां ट्रेनों, प्लेटफार्मों और अन्य आवश्यक जानकारियों से संबंधित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

रेलवे प्रशासन ने महिला, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग यात्रियों को प्राथमिकता के आधार पर सहयोग देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से सुरक्षा संबंधी संदेश और ट्रेन संचालन की सूचनाएं लगातार प्रसारित की जा रही हैं।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को जहरखुरानी, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं से सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर रेलवे हेल्पलाइन 139 या निकटतम आरपीएफ एवं जीआरपी कर्मी से संपर्क करने की सलाह दी है।

रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से भर्ती परीक्षा अवधि के दौरान स्टेशनों पर सुरक्षा और यात्री सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।संवाददाता : गोविंद देवल
अमर प्रभात, बदायूं/बरेली


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

उच्च रक्तचाप नियंत्रण अभियान के तहत इस्लामनगर थाना परिसर में लगा स्वास्थ्य शिविर*

Spread the love*उच्च रक्तचाप नियंत्रण अभियान के तहत इस्लामनगर थाना परिसर में लगा स्वास्थ्य शिविर* …

error: Content is protected !!