Breaking News

अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस पर रेलवे ने चलाया सुरक्षा अभियान

Spread the love

नुक्कड़ नाटक, पंपलेट और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को किया गया सतर्क

बरेली। अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल द्वारा मंगलवार को विभिन्न समपारों पर व्यापक संरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार की उपस्थिति में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. हरीश रेडतौलिया के निर्देशन में किया गया।

अभियान के तहत कारखाना गेट स्थित समपार संख्या 237/बी-1 सहित मंडल के विभिन्न समपारों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को रेलवे समपार पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।

नागरिक सुरक्षा संगठन और रेल कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से समपार उपयोगकर्ताओं को पंपलेट, हैंडबिल और जागरूकता स्टिकर वितरित किए। साथ ही सुरक्षित तरीके से रेलवे लाइन पार करने और नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर इंजीनियरिंग एवं परिचालन विभाग के गेटमैनों की काउंसलिंग भी की गई तथा उन्हें रेल संरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर पर्यवेक्षकों ने संरक्षा श्रेणी के कर्मचारियों को सुरक्षित रेल संचालन से संबंधित नियमों एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया।

मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि रेलवे ट्रैक पार करने के लिए केवल अधिकृत समपार, फुटओवर ब्रिज अथवा अंडरपास का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में अनधिकृत स्थानों से रेलवे लाइन पार करना जानलेवा साबित हो सकता है।

उन्होंने समपार पर तैनात गेटमैनों पर फाटक खोलने के लिए दबाव न बनाने और ट्रेन गुजरने के बाद ही सावधानीपूर्वक समपार पार करने की सलाह दी। साथ ही साइकिल या दोपहिया वाहन को बंद फाटक के नीचे से निकालने का प्रयास न करने की भी अपील की।

अभियान के दौरान बड़ी संख्या में रेल अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक मौजूद रहे।संवाददाता : गोविंद देवल
अमर प्रभात, बरेली


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

महिला कल्याण विभाग बदायूँ द्वारा जनपद 1684 बालक/बालिका को चाइल्ड लाइन ने दी

Spread the love*महिला कल्याण विभाग बदायूँ द्वारा जनपद 1684 बालक/बालिका को चाइल्ड लाइन ने दी …

error: Content is protected !!