भारतीय सेना के लिए काम करने वाली प्रतिष्ठित कंपनी में मिली पोस्टिंग, बधाई देने वालों का लगा तांता
आसफपुर। कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो सफलता कदम चूमती है। इसे सच कर दिखाया है स्थानीय पुलिस चौकी प्रभारी जुगमेंद्र बालियान के होनहार पुत्र सिद्धांत बालियान ने। सिद्धांत ने अपनी अथक मेहनत और कड़े संघर्ष के बल पर डिजाइनिंग इंजीनियर का बेहद महत्वपूर्ण पद हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से बालियान परिवार सहित तमाम शुभचिंतकों और हितैषियों में जश्न का माहौल है।
अनुशासित जीवन शैली और अटल सिद्धांतों के धनी 21 वर्षीय युवा सिद्धांत बालियान की पोस्टिंग हाल ही में देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र नोएडा में हुई है। उन्हें यह अवसर भारतीय सेना के लिए रक्षा उपकरणों व तकनीकों पर कार्य कर रही एक प्रतिष्ठित कंपनी की ओर से मिला है, जो अपने आप में एक बड़ा गौरव है।
सिद्धांत की इस सफलता पर उनके माता-पिता को बेहद नाज है। जानकारों का मानना है कि बेहद कम उम्र में सिद्धांत का यह कड़ा संघर्ष और उत्कृष्ट कार्यशैली आज के भटके हुए युवाओं के लिए एक मार्गदर्शक और प्रेरणादाई सिद्ध होगी।
सिद्धांत की प्रारंभिक पृष्ठभूमि की बात करें तो उन्होंने देश के प्रथम और शीर्ष तकनीकी संस्थान आईआईटी दिल्ली (IIT Delhi) की कठिन प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर वहां से शिक्षा ग्रहण की। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर के ग्राम नरोत्तमपुर के एक संभ्रांत परिवार में जन्मे सिद्धांत के पिता जुगमेंद्र बालियान उत्तर प्रदेश पुलिस में अधिकारी (चौकी प्रभारी) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, वहीं उनकी माता नीरू बालियान एक कुशल और सरल स्वभाव की गृहणी हैं।
सिद्धांत के इस उच्च पद पर आसीन होने की सूचना मिलते ही आसफपुर से लेकर उनके पैतृक गांव तक खुशी की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया से लेकर व्यक्तिगत रूप से बालियान परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। मिठाई बांटकर सिद्धांत के उज्जवल भविष्य की कामना की जा रही है।
Budaun Amarprabhat