बिसौली। भारतीय स्टेट बैंक कृषि शाखा द्वारा ‘एसबीआई आधुनिक कृषि ग्राहक सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में भारी संख्या में कृषि ग्राहकों एवं कृषक उद्यमियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि तहसीलदार सुरेंद्र कुमार एवं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अबरार अहमद ने किया। इस दौरान तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने किसानों को सरकारी योजनाओं, ऋण सुविधाओं के साथ फसल बीमा और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रक्षेत्र अधीक्षक कृषि विभाग अनिल कुमार ने आधुनिक कृषि तकनीक और नए उपकरणों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम का आयोजन बैंक की थीम कस्टमर फर्स्ट बी दा बैंक ऑफ चॉइस तथा “कृषि से समृद्धि” के उद्देश्य को केंद्र में रखते हुए किया गया। जिससे कृषि क्षेत्र में उत्पादकता एवं आय वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर नियमित रूप से केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) नवीनीकरण कराने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। बैंक के ऋण अधिकारी मोहम्मद वसीम अकरम ने किसानों को बैंक की विभिन्न कृषि ऋण योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि अवसंरचना एवं कृषि विकास संबंधी वित्तीय सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं प्रबंधक एस.एम.ई. राहुल सिंह ने कृषि उद्यमियों को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना सहित विभिन्न नवाचार आधारित योजनाओं की जानकारी देते हुए कृषि आधारित उद्यम स्थापित करने एवं उनका विस्तार करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में किसानों, कृषि उद्यमियों एवं बैंक अधिकारियों के बीच संवाद स्थापित किया गया तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर भी चर्चा की गई। अंत में बैंक के मुख्य प्रबंधक प्रशांत कुमार शर्मा ने सभी किसानों, अतिथियों एवं बैंक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
Budaun Amarprabhat