संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूँ। आम जनमानस को सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बदायूँ द्वारा महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद और जनपद न्यायाधीश विवेक संगल के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आगामी दिनों में ‘चल न्यायालय’ (मोबाइल कोर्ट) और ‘राष्ट्रीय लोक अदालत’ का आयोजन सुनिश्चित किया गया है।
प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुष्पेन्द्र चौधरी ने बताया कि 28 जुलाई को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक तहसील बिल्सी के ग्राम अम्बियापुर में ‘चल न्यायालय’ का आयोजन किया जाएगा। इस मोबाइल कोर्ट का उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों में जाकर छोटे और सूक्ष्म प्रकृति के वादों का मौके पर ही निपटारा करना है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने स्थानीय विवादों व सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं का तत्काल निस्तारण करवाएं।
लोक अदालत के नोडल अधिकारी/विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) राजवीर सिंह एवं प्रभारी सचिव पुष्पेन्द्र चौधरी ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 12 सितंबर को जनपद न्यायालय परिसर में ‘राष्ट्रीय लोक अदालत’ आयोजित होगी।
इस लोक अदालत में सिविल, आपराधिक शमनीय वाद, राजस्व, बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, पारिवारिक, श्रम, भूमि अधिग्रहण, विद्युत, जल-कर, एनआई एक्ट के वादों के साथ-साथ प्री-लिटीगेशन स्तर (जो मामले अभी न्यायालय में नहीं आए हैं) के विवादों का भी निपटारा किया जाएगा।
जिला प्रशासन और विधिक सेवा प्राधिकरण ने समस्त वादकारियों एवं जनसामान्य से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने वादों का शांतिपूर्ण निस्तारण कराएं और राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाएं।
Budaun Amarprabhat