is
बदायूं। स्थानीय डाइट ऑडिटोरियम में बदायूं विधानसभा का भव्य बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास (लखनऊ) के उपसभापति रविन्द्र राठौर और सदर विधायक व पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने शिरकत की।
कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास के उपसभापति रविंद्र सिंह राठौर ने कहा कि यहां बैठे सभी बूथ अध्यक्ष पार्टी की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार दो बार से भारतीय जनता पार्टी की सरकार और केंद्र में तीसरी बार सरकार काबिज होना इन्हीं मेहनती कार्यकर्ताओं की बदौलत संभव हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी 2027 में भी आप सभी के बल पर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मेहनती और तपस्वी बताते हुए अपने-अपने बूथ को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
सदर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि भाजपा के बूथ अध्यक्ष जुझारू और तपस्वी हैं, जो अपने तन, मन और धन से पार्टी को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही बदायूं विधानसभा में लगातार कमल खिल रहा है और 2027 में भी भारी बहुमत से सरकार बनेगी। विधायक ने कहा कि जब से वह विधायक बने हैं, उन्होंने विधानसभा को अपनी ‘मां’ माना है और इसी भावना के साथ जनता की सेवा की है। आज बदायूं विधानसभा में चारों तरफ विकास कार्य हो रहे हैं, और कोई भी बूथ ऐसा नहीं है जहां विकास का शिलापट न लगा हो। उन्होंने ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत, बूथ जीता चुनाव जीता’ के मंत्र को दोहराते हुए संगठन के कार्यों को ईमानदारी से पूरा करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन भाजपा जिला मंत्री एवं विधानसभा संयोजक विश्वजीत गुप्ता द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष हरप्रसाद सिंह पटेल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक भारतीय, जिला महामंत्री एम.पी. सिंह राजपूत, शैलेंद्र मोहन शर्मा, जुगेंद्र सिंह पटेल, पूर्व महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव, ब्लॉक प्रमुख अनेकपाल सिंह पटेल, चेयरमैन अरविंद रावत, चेयरमैन अनुपम पाठक, जिला उपाध्यक्ष संदीप चौहान, सीमा राठौर, युवा मोर्चा क्षेत्रीय मंत्री अंकित मौर्य, महिला मोर्चा क्षेत्रीय मंत्री रजनी मिश्रा, दुष्यंत सिंह, मंडल अध्यक्ष गोपाल शर्मा, रामचरण पाल, नौरंगपाल, अजय मथुरिया और राघव सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat