‘
बदायूं। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद लखनऊ, उत्तर प्रदेश द्वारा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डाइट) और विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों व प्रवक्ताओं के नवाचारों और बेस्ट प्रैक्टिसेज को प्रोत्साहित करने के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। ‘उद्गम पोर्टल आइडिया बैंक रिपोजिटरी’ के तहत प्राप्त नवाचारों और अभिलेखों की उच्च स्तरीय स्क्रीनिंग के उपरांत, जनपद बदायूं से दो मेधावी शिक्षकों का चयन एससीईआरटी लखनऊ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय 5 दिवसीय कार्यशाला के लिए किया गया है। जनपद के लिए यह उपलब्धि शिक्षा जगत में गौरव का विषय बनी हुई है।
पोर्टल के लिए जिन दो शिक्षकों के उत्कृष्ट नवाचारों का चयन किया गया है, उनमें राजीव भटनागर सहायक अध्यापक, उच्च प्राथमिक विद्यालय अफजलपुर, विकास क्षेत्र दहगंवा, सुशांत सक्सेना सहायक अध्यापक, कंपोजिट स्कूल परसिया, विकास क्षेत्र आसफपुर शामिल हैं।
इन दोनों शिक्षकों द्वारा अपने-अपने विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए लगातार अनूठे नवाचार किए जा रहे थे, जिन्हें अब राज्य स्तर पर पहचान मिली है।
चयनित प्रतिभागी शिक्षक राज्य स्तरीय पांच दिवसीय कार्यशाला के दौरान अपने नवाचारों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देंगे। इस कार्यशाला में प्रदेश भर के शिक्षा विशेषज्ञ इन नवाचारों की उपयोगिता, प्रभावशीलता और उनके व्यावहारिक पहलुओं पर गहन चर्चा करेंगे। साथ ही, इन नवाचारों को और अधिक सशक्त व प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों को आवश्यक सुझाव और दिशा-निर्देश भी प्रदान किए जाएंगे।
जनपद के दो शिक्षकों के राज्य स्तर पर चयनित होने की खबर मिलते ही बदायूं के शिक्षा विभाग में खुशी की लहर दौड़ गई। जिला शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों, सहकर्मियों और शिक्षकों ने राजीव भटनागर और सुशांत सक्सेना को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Budaun Amarprabhat