संवाददाता डॉ राशिद अली खान
सहसवान, बदायूं। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. हृदेश कठेरिया ने थाना सहसवान क्षेत्र में धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और डीजे संचालकों के साथ पीस कमेटी की बैठक की। इसके बाद उन्होंने मुजरिया थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने सभी से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने तथा डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप करने की अपील की। साथ ही बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
बैठक में सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की गई। पीस कमेटी के सदस्यों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बैठक के बाद डॉ. हृदेश कठेरिया ने थाना मुजरिया क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक सहसवान, प्रभारी निरीक्षक मुजरिया तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
Budaun Amarprabhat