बदायूं। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने गुरुवार को मालवीय आवास गृह में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। संगठन के पदाधिकारियों ने बाद में सिटी मजिस्ट्रेट और बेसिक शिक्षा अधिकारी को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष सतीश साहू ने कहा कि संगठन ने निजी एवं सरकारी विद्यालयों से संबंधित विभिन्न समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। ज्ञापन में निजी विद्यालयों की फीस व्यवस्था, एनसीईआरटी पुस्तकों को लागू करने, सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की संख्या बढ़ाने तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने जैसी मांगें शामिल हैं।
संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर भी ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एक शिक्षक से जुड़े मध्याह्न भोजन (एमडीएम) मद के भुगतान और अन्य प्रशासनिक मामलों को लेकर भी प्रार्थना पत्र दिया गया। ज्ञापन में संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि वे अपनी मांगों के समाधान की अपेक्षा रखते हैं। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर यारवेंद्र यादव, अमनदीप, सोनू यादव, विवेक कुमार, अंकुर सिद्धू, पीतम सिंह, अरशद खान, इरशाद खान, अनवर, शराफत खान, महेंद्र पाल, नूरुद्दीन, सर्वेश, शरीफ अब्बासी, भगवानदास सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat