कांवड़ यात्रा और अभियोजन कार्यों को लेकर दिए गए कड़े निर्देश
बहजोई। आगामी पवित्र श्रावण मास, कांवड़ यात्रा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा अभियोजन कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए आज दिनांक 24 जुलाई 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार, बहजोई में एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जनपद संभल के जिलाधिकारी श्री अंकित खंडेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक के प्रथम चरण में अभियोजन कार्यों की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान न्यायालयों में लंबित मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। एनडीपीएस, हत्या, महिला एवं बाल अपराध और गैंगस्टर जैसे गंभीर प्रकरणों की नियमित और सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पैरवी करने के निर्देश दिए गए। विवेचकों तथा अभियोजन अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने, साक्षियों की समय पर उपस्थिति और समन व वारंट की प्रभावी तामील कराने के निर्देश दिए गए। विवेचना की गुणवत्ता सुधारने, साक्ष्यों के उचित संकलन और न्यायालय में उनका प्रभावी प्रस्तुतीकरण कर अपराधियों के विरुद्ध अधिकतम सजा सुनिश्चित करने को कहा गया।
अभियोजन समीक्षा के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, श्रावण शिवरात्रि, प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक, गंगा स्नान, श्रावणी अमावस्या और श्रावण पूर्णिमा के आयोजनों को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा गोष्ठी की।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों, श्रद्धालुओं और आम जनमानस की सुरक्षा, सुगम व सुरक्षित आवागमन, तथा मंदिरों में निर्बाध दर्शन-पूजन के लिए सभी प्रबंध समय रहते पुख्ता किए जाएं। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
इस बैठक के दौरान जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, समस्त थाना प्रभारी तथा अन्य प्रमुख पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat