सहसवान। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला वरन के पास गंगा नदी में स्नान के दौरान एक 15 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा एसडीआरएफ और पीएसी की मदद से तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव करखेरी निवासी कृपाल पासी की पुत्री सविता (15), जो कक्षा 11 की छात्रा है, अपने फूफा बाबूराम के यहां गांव नगला वरन में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थी।
बताया जाता है कि गुरुवार दोपहर सविता अपनी फुफेरी बहन पूजा के साथ गंगा नदी में स्नान करने गई थी। इसी दौरान वह तेज जल प्रवाह में बहकर लापता हो गई। साथ मौजूद बहन के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस एवं तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ और पीएसी की टीमों को भी बुलाया गया। गुरुवार शाम तक चले तलाश अभियान में सफलता नहीं मिलने पर शुक्रवार सुबह से मोटरबोट और गोताखोरों की सहायता से संयुक्त रूप से खोज अभियान जारी रखा गया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन का कहना है कि किशोरी की तलाश के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
हल्का लेखपाल कौशल कुमार ने बताया कि पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और पीएसी की टीमें लगातार खोज अभियान में जुटी हुई हैं। समाचार लिखे जाने तक किशोरी का पता नहीं चल सका था।
Budaun Amarprabhat