संवाददाता आई एम खान
बिसौली/बदायूं। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की तहसील स्तरीय मासिक पंचायत शुक्रवार को तहसील परिसर बिसौली में आयोजित हुई। पंचायत की अध्यक्षता रामचंद्र सिंह यादव ने की, जबकि संचालन युवा जिलाध्यक्ष रामलखन सिंह यादव एडवोकेट ने किया। इस दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श कर उनके समाधान की मांग उठाई गई।
पंचायत में आवारा गोवंश से फसलों को हो रहे नुकसान, बारिश से फसलों को हुई क्षति, गांवों की खराब सड़कों और रास्तों सहित कई समस्याएं प्रमुखता से रखी गईं। किसानों ने बताया कि कई ग्रामीण मार्गों की स्थिति खराब होने के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। गुलड़िया से पृथ्वीपुर जाने वाले मार्ग, निजरा से बिसौली जाने वाले कच्चे रास्ते तथा साहनपुर-सुजानपुर से बिसौली जाने वाली सड़क की मरम्मत की मांग की गई।
इसके अलावा ग्राम पैगा भीकमपुर में सरकारी गूल पर कब्जे की शिकायत सहित अन्य स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा हुई। किसानों ने गौशालाओं में गोवंश के लिए पर्याप्त चारा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग रखी।
किसानों की सात सूत्रीय मांगों को लेकर संगठन की ओर से नायब तहसीलदार बिसौली को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें संबंधित विभागों से समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की गई।
युवा जिलाध्यक्ष रामलखन यादव एडवोकेट ने कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगा और किसान महापंचायत आयोजित कर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई जाएगी।
पंचायत में जिलामहासचिव रतिराम यादव, जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र, तहसील अध्यक्ष रामचंद्र, जिला सचिव जयपाल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष आसफपुर महेश पाल, ब्लॉक महासचिव प्रेमपाल सिंह, प्रधान रामदास सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat