जनपदीय कला उत्सव: सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता हुए सम्मानित
बदायूं : कुंवर रुकुम सिंह वैदिक इंटर कालेज नगला पूर्वी में जनपदीय कला उत्सव का भव्य आयोजन हुआ। विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कला एवं सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति विद्यार्थियों के चिंतन, चरित्र आचरण को पावन बनाने की आधारशिला है। बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सृजनात्मक सोच विकसित होती है। प्रधानाचार्य रजनीश कुमार ने कहा कि बच्चे देश की महाशक्ति है। बच्चे अपनी योग्यताओं और क्षमताओं को बढ़ाएं, राष्ट्र के लिए उपयोगी बनें।
विशिष्ट अतिथि स्काउट के जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि बच्चों में अद्भुत क्षमताएं होती हैं, जो देश को बुलंदियों पर पहुंचानें की श्रेष्ठ सामर्थ्य रखती हैं। वहीं हमारी सभ्यता, संस्कृति, संस्कार सन्मार्ग दिखाते हैं।
कार्यक्रम नोडल अधिकारी आशुतोष की देखरेख में संगीत, गायन, वादन, नाटक, समूह नृत्य, दृश्य कला, चित्र कला आदि प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। डा. सविता चौहान एवं सीमा चौहान ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कला उत्सव की विभिन्न विधाओं में केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सभी विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पार्वती आर्य कन्या इंटर कालेज, श्री कृष्णा इंटर कालेज, राजकीय इंटर कालेज आदि के विजेता बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शिक्षक उमेश सिंह राठौर, मेघ सिंह, डालचंद, प्रमोद कुमार, ललित कुमार सिंह, दिवाकर, अनिल कुमार गुलाटी, मोहित कुमार, अनिल कुमार, हृदयेश भारद्वाज आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डा. रामेश्वर दत्त मिश्र ने किया।
Budaun Amarprabhat