बदायूं। विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन में देरी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पीसीसी सदस्य चौधरी वफाती मियां के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने विकास भवन पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार को सौंपकर पेंशन जल्द जारी कराने की मांग की गई।
चौधरी वफाती मियां ने कहा कि जिले के 15 ब्लॉकों के गांवों में बड़ी संख्या में निराश्रित, बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांगजन पेंशन पर निर्भर हैं। उनके अनुसार अप्रैल, मई और जून की त्रैमासिक पेंशन जुलाई के पहले सप्ताह तक लाभार्थियों के खातों में पहुंचनी थी, लेकिन निर्धारित समय के बाद भी कई लाभार्थियों को पेंशन नहीं मिली है। इससे जरूरतमंद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला महासचिव आलोक कुमार और जिला सचिव अहमद अमजदी ने कहा कि पेंशन में देरी के कारण लाभार्थियों को बैंक और संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की।
कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश सचिव जाबिर जैदी और एससी-एसटी विभाग के पूर्व जिलाध्यक्ष मुनेंद्र कनौजिया ने पेंशन जारी होने की निश्चित तारीख घोषित करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि 20 सितंबर तक लाभार्थियों के खातों में पेंशन नहीं पहुंची तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा।
प्रदर्शन के दौरान इकरार अली, मोहम्मद जाहिद सिद्दीकी, बन्ने खां, राशिद, रेशमबत्ती, जरीना, फूलवती, रुखसाना, वीरा देवी, रूपराम सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat