एक माह तक चलेंगे जनकल्याणकारी कार्यक्रम, 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में होगा आयोजन
बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम डायट स्थित ऑडिटोरियम में अपराह्न 3:30 बजे से होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा होंगे।
अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम सात बजे जिले में निर्मित परियोजनाओं, कछला एवं अटेना गंगा घाट, प्रमुख मंदिरों, विद्यालयों-महाविद्यालयों, चिकित्सालयों सहित 1037 ग्राम पंचायतों और 21 नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्रों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत समस्त तहसीलों और डायट ऑडिटोरियम में दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग में पंजीकृत 297 दिव्यांग लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 500 टूलकिट भी वितरित की जाएंगी। सूचना विभाग की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। अन्य विभागों के स्टॉल भी कार्यक्रम स्थल पर लगाए जाएंगे।
रक्तदान शिविर भी होंगे
अभियान के तहत 17 सितंबर को जिला पुरुष चिकित्सालय, 18 सितंबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज, 19 सितंबर को चैरिटेबल ब्लड सेंटर, 20 सितंबर को जौहरी नर्सिंग होम, 21 सितंबर को भारत चैरिटेबल ब्लड सेंटर तथा 22 सितंबर को नेशनल चैरिटेबल ब्लड सेंटर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे हैं।
Budaun Amarprabhat