किसानों ने बिजली, गन्ना भुगतान और पशुओं के टीकाकरण से जुड़ी समस्याएं रखीं
बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कृषि, ऊर्जा, पशुपालन, सिंचाई, मत्स्य, नलकूप, गन्ना और उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत उप कृषि निदेशक ने किसानों और अधिकारियों का स्वागत कर की। उन्होंने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी किसानों से रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि रबी सीजन में तिलहन योजना के तहत सरसों तथा दलहन योजना के तहत मटर, मसूर और चना के मिनीकिट 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए किसान नजदीकी जनसेवा केंद्र से बुकिंग करा सकते हैं।
किसान नरव्रेश सिंह ने करौलिया में बिजली की समस्या उठाई। इस पर विद्युत विभाग के अधिकारी ने बताया कि करौलिया पावर हाउस को दुरुस्त कराने का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। वहीं दबरई के किसान शिशुपाल सिंह ने मकानों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन को हटाने का मुद्दा उठाया। विभाग की ओर से बताया गया कि लाइन हटाने के लिए स्टीमेट तैयार कराया जाएगा।
ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने किसानों को गन्ने की प्रजातियों और सर्वे की जानकारी दी। उन्होंने गन्ना भुगतान से संबंधित समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। किसानों ने पशुओं के टीकाकरण की समस्या भी रखी। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गलाघोंटू, मुंहपका-खुरपका और एलएचडी/लम्पी बीमारी से बचाव के लिए अभियान चलाकर निःशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अंत में उप कृषि निदेशक ने अधिकारियों और किसानों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस के समापन की घोषणा की।
Budaun Amarprabhat