भाजपा जिलाध्यक्ष बोले—आरोप लगाने से पहले अपना इतिहास देखे कांग्रेस
बदायूं। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा मोर्चा द्वारा जनपद में 28 से 31 अक्टूबर तक ‘सबसे ऊंचे सरदार’ अभियान के तहत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अभियान की रूपरेखा तैयार करने को लेकर जिला भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में जिला टोली की बैठक संपन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कांग्रेस पर तीखा सियासी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा पर वोट चोरी के बेबुनियाद आरोप मढ़ने से पहले कांग्रेस को अपना राजनीतिक अतीत खंगालना चाहिए। उन्होंने 1946 के कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि 15 में से 12 प्रांतीय कमेटियों का खुला समर्थन होने के बावजूद सरदार पटेल के बजाय जवाहरलाल नेहरू को कमान सौंपी गई। पटेल ने निजी महत्वाकांक्षाओं को त्यागकर संगठन का निर्णय स्वीकारा और देश की 500 से अधिक रियासतों का विलय कराकर अखंड भारत की नींव रखी।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के माध्यम से सरदार पटेल की विरासत को वैश्विक पहचान मिली है। ‘सबसे ऊंचे सरदार’ अभियान के अंतर्गत 31 अक्टूबर को जिला स्तरीय संगोष्ठी तथा विभिन्न विद्यालयों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण में योगदान और राष्ट्रीय एकता के संदेश को आत्मसात कर सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
बैठक में जिला महामंत्री शैलेन्द्र मोहन शर्मा, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील राठौर, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष केशव चौहान, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष तेजपाल सागर, जिला कोषाध्यक्ष अनुभव उपाध्याय, कार्यालय मंत्री अमित कुमार सिंह, युवा मोर्चा जिला मंत्री मुकेश यादव, जितेंद्र सोनकर, अभिषेक वर्मा, विमल पटेल व दीपक गुप्ता सहित पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat