देवी-देवताओं की झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र, जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा
पिंडौल (बदायूं)। बिल्सी थाना क्षेत्र के ग्राम पिंडौल में मंगलवार को परंपरागत श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान श्रीराम की ऐतिहासिक बारात निकाली गई। दोपहर बाद रामलीला मैदान से शुरू हुई शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया।
शोभायात्रा में सबसे आगे काली अखाड़ा चल रहा था। इसके बाद प्रथम पूज्य गणेश जी सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों की झांकी के साथ राधा-कृष्ण की झांकी ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। उघैती के जय हिंद बैंड की मधुर धुनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम का समापन देर रात धार्मिक अनुष्ठान और आरती के साथ हुआ। आयोजन में बिल्सी पुलिस का सहयोग रहा। इस मौके पर रामलीला कमेटी के प्रबंधक प्रदीप गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता, उपप्रबंधक मुनेन्द्र शर्मा, उपाध्यक्ष मुनीश तिवारी, उपकोषाध्यक्ष शैलेश शर्मा, मेला संस्थापक मनोहर लाल शर्मा, संरक्षक जगदीश सक्सेना, मंत्री सोवरन सिंह, सचिव अनुराग भूषण गुप्ता, महामंत्री वीरेंद्र गुप्ता, उपमंत्री वीरेंद्र प्रजापति, मंच संचालक अजय सक्सेना, उपसचिव जसवंत सिंह चौधरी, शुभम तिवारी उर्फ तन्नू सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat