बिसौली। आदर्श रामलीला कमेटी बिसौलीगंज के रंगमंच पर रामलीला के दौरान राम-केवट संवाद और भरत मिलाप का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस दौरान पूरा मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।
राम की भूमिका में अरविंद तिवारी और केवट की भूमिका में रामानंद तिवारी ने संवादों के माध्यम से प्रभु श्रीराम के प्रति केवट की श्रद्धा और समर्पण को जीवंत किया। वहीं, भरत की भूमिका निभा रहे ब्रजेश शाक्य और शत्रुघ्न की भूमिका में कृष्णा ठाकुर ने भरत मिलाप प्रसंग का मंचन किया। श्रीराम और भरत के मिलन के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
कलाकारों ने कहा कि राम-केवट संवाद सच्ची भक्ति और समानता का संदेश देता है, जबकि भरत मिलाप त्याग, मर्यादा और भाईचारे की सीख देता है। मंचन के दौरान संवाद, संगीत और प्रकाश व्यवस्था ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat