जननी सुरक्षा योजना के भुगतान और संस्थागत प्रसव का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
बदायूं। विकास भवन सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कर स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान जननी सुरक्षा योजना के तहत सीएचसी जगत और आसफपुर में भुगतान की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही योजना के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
संस्थागत प्रसव योजना की समीक्षा में राजकीय मेडिकल कॉलेज, सीएचसी जगत और सैदपुर में लक्ष्य पूरा नहीं होने पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में सुधार लाने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
एक से 31 अक्टूबर तक चल रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी को सफाई अभियान में तेजी लाने को कहा। आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ. वैभव गुप्ता को विशेष अभियान चलाकर 10 गांवों में आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने मरीजों का उपचार आभा आईडी के माध्यम से करने और पर्चे भी इसी व्यवस्था के तहत बनाने पर जोर दिया। बैठक में जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, डॉ. विकास शर्मा, महिला चिकित्सालय की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शोभा अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat