बदायूं : अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्त्वावधान में आत्मीय परिजनों ने रूहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में गंगा तट पर दीपदान किया।गंगा की निर्मल धारा में प्रवाहित दीपकों की झिलमिलाती रोशनी से गंगा किनारा आलोकित हो उठा। श्रद्धालुओं ने देश, समाज और मानवता के कल्याण की मंगलकामना की। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री महामंत्र के सामूहिक जप और दीप आरती से हुई। दीपमालाओं से सजी श्रंखला से पूरे वातावरण में भक्ति, आनंद और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
स्काउट संस्था के जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि गौ, गंगा, गायत्री और गीता–ये भारत की सनातन संस्कृति की आधारशिलाएं हैं। इनकी रक्षा और सम्मान से भारत विश्वगुरु बनेगा।
समाजसेवी सत्यवीर सिंह ने कहा कि मां गंगा हमें नई ऊर्जा और जीवनी शक्ति प्रदान करती हैं। शिक्षक माधव सिंह ने कहा कि जब दीप जलता है तो वह केवल घर नहीं, समाज को भी प्रकाश देता है। समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देता है।
गंगा तट पर झिलमिलाते दीपों का दृश्य इतना मनमोहक रहा। श्रद्धालु देर तक उस सौंदर्य में डूबे रहे। गंगा आरती के साथ समापन हुआ तो पूरा वातावरण गंगा मैया की जय और जय गायत्री माता के जयघोष से गूंज उठा। इस मौके पर हेमंत शर्मा, भूमि, दीप्ति आदि मौजूद रहीं।
——–
फोटो
रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में गंगा तट पर दीपदान करते जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा व माधव सिंह।
Budaun Amarprabhat