शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने नवनिर्वाचित एमएलसी से की भेंट, कैशलेस इलाज की प्रक्रिया भी जल्द होगी पूरी
बिसौली। आमेलित शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मेरठ-सहारनपुर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) श्रीचन्द शर्मा से उनके केशव आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों व शिक्षकों ने एमएलसी को उनकी शानदार जीत पर पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी और शिक्षकों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल से वार्ता करते हुए एमएलसी श्रीचन्द शर्मा ने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि आमेलित शिक्षकों की पुरानी पेंशन के लिए भरे गए विकल्प पत्रों की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने हेतु शासन स्तर से कट ऑफ डेट जल्द ही जारी करवाई जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा अत्यंत जरूरी है और इसके आवेदन पत्र भरवाने की प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा कराया जाएगा, ताकि शिक्षकों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
एमएलसी ने स्पष्ट किया कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण की धुरी है और उनके मान-सम्मान व हितों की रक्षा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिक्षकों की सेवा संबंधी सभी वाजिब समस्याओं का समाधान कराने के लिए वे शासन स्तर पर निरंतर प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से योगेश चन्द शर्मा, राजकुमार शर्मा, शिवदत्त शर्मा, गोविंद त्यागी, कपिल यादव, दिनेश पाल सिंह तथा महावीर प्रसाद सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat