मूसाझाग। थाना मूसाझाग पुलिस ने घर में घुसकर कुल्हाड़ी व फावड़े से हमला कर युवक की निर्मम हत्या करने के मामले में वांछित दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त आलाकत्ल कुल्हाड़ी और फावड़ा भी उनके घर से बरामद कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दातागंज मुख्य मार्ग से ग्राम कंडेला जाने वाले रास्ते से अभियुक्त राजन बाबू और अर्जुन बाबू पुत्रगण मुनेंद्र भान (निवासी ग्राम गुरुग्राम/गुरगांव) को दबोचा।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने हत्या की वजह का खुलासा करते हुए बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उनकी बहन को मृतक अवधेश का भतीजा भगा ले गया था। 5 नवंबर को जब उन्हें बहन की नोएडा से बरामदगी की सूचना मिली, तो वे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां बहन ने उनके साथ जाने से इनकार कर दिया। इससे बौखलाए दोनों भाइयों ने घर लौटकर अवधेश से विवाद किया और गुस्से में घर में घुसकर कुल्हाड़ी व फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी थी। मृतक के पिता गंगाराम की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
Budaun Amarprabhat