दिया गंगा-जमुनी तहजीब और सौहार्द का संदेश
बदायूं। भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास के पावन पर्व ‘भैया दूज’ के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने अपनी मुंहबोली बहन सीमा यादव से विधि-विधान के साथ मंगल तिलक कराया। इस दौरान उन्होंने अपनी बहन को आशीर्वाद व उपहार भेंट किए और उनके सुखमय जीवन की कामना की।
तिलक कराने के उपरांत पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने कहा कि भैया दूज का त्योहार हमारे देश की साझी संस्कृति, भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट रिश्ते का सजीव प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की असली ताकत यहां का आपसी भाईचारा है। आज के दौर में हिंदू और मुस्लिम सभी को आपस में प्रेम और मोहब्बत के साथ रहना चाहिए। समाज में नफरत फैलाने वाले और विभाजनकारी राजनीति करने वाले तत्वों से दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है।
भैया दूज के पावन अवसर पर अपनी मुंहबोली हिंदू बहन से तिलक लगवाकर आबिद रज़ा ने जनपद बदायूं में सामाजिक समरसता और गंगा-जमुनी तहजीब की एक मिसाल पेश की है। उनके इस कदम की जिलेभर में सराहना हो रही है, जिससे एक बार फिर जनपद में उनकी धर्मनिरपेक्ष (सेकुलर) छवि और मजबूत हुई है।
Budaun Amarprabhat