
बदायूं : रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में गंगा की रेती पर तंबुओं का शहर पूरी तरह बस चुका है। मेले में श्रद्धा, आस्था और मनोरंजन का अनूठा संगम दिखाई देने लगा है। दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का अपने निजी वाहनों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य साधनों से देर रात तक पहुंचने का सिलसिला जारी है। गंगा तट पर जगह-जगह तंबू और डेरे सज गए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ मेले में डेरा जमाकर कल्पवास और धार्मिक अनुष्ठानों में जुटे हैं।
सुबह होते ही गंगा तट पर हर-हर गंगे, निर्मल गंगे के जयघोष गूंजने लगते हैं। श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। वहीं मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए आकर्षक झूलों और खेल-तमाशों की भरमार है। बड़े झूलों के साथ ड्रैगन, मिकी माउस, ब्रेक डांस, ट्रेन और भूत बंगला बच्चों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन मनोरंजन साधनों पर बच्चों की खूब भीड़ उमड़ रही है।
मेले में खानपान और महिला प्रसाधन की दुकानें सज गई हैं। सॉफ्टी की दुकानें, बच्चों के खिलौने और महिलाओं के श्रंगार व घरेलू सामान की दुकानें अधिकांशतः लग चुकी हैं। जलेबी, खजला, मूंगफली, पेठा और इलायची दाना की दुकानों पर भी खूब बिक्री हो रही है। मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालु धार्मिक आस्था के साथ परिवार के लिए खरीदारी और खानपान का आनंद भी ले रहे हैं।
शाम ढलते ही विद्युत झालरों और रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा मेला जगमगा उठता है। गंगा की रेती पर बसी तंबुओं की नगरी, सजे बाजार और मनोरंजन के साधन मेले की रौनक में चार चांद लगा रहे हैं।
Budaun Amarprabhat