बदायूँ। जनपद के ग्राम आमगांव निवासी व भारतीय सेना में नायक के पद पर हिसार में तैनात वीर जवान अंकुश पटेल के ड्यूटी के दौरान शहीद होने के समाचार से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। इस अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक घटना पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, मुख्य सचेतक, लोक लेखा समिति के सदस्य एवं सांसद धर्मेन्द्र यादव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए वीर सपूत को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
सांसद धर्मेन्द्र यादव ने अपने शोक संदेश में कहा कि देश की रक्षा और मातृभूमि की सेवा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवान अंकुश पटेल का त्याग, साहस और समर्पण सदैव देशवासियों के हृदय में अमर रहेगा। उन्होंने कहा कि एक होनहार और जांबाज सैनिक का इस तरह शहीद होना न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जनपद बदायूँ और देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
शोक संतृप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए सांसद ने कहा कि इस कठिन और दुःख की घड़ी में हम सभी समाजवादी पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत वीर जवान की आत्मा को शांति प्रदान कर अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
Budaun Amarprabhat