बदायूं। उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान के तहत बदायूं पुलिस की सशक्त पैरवी रंग लाई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के पर्यवेक्षण में नाबालिग से अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में न्यायालय पॉक्सो-02 कोर्ट, बदायूं ने शनिवार को दोषी उदयप्रताप पुत्र अनोखेलाल निवासी ग्राम हैदलपुर (थाना बिल्सी) को 20 वर्ष के कठोर कारावास तथा कुल 1,20,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
मामला वर्ष 2021 में थाना कुंवरगांव पर दर्ज हुआ था, जिसकी विवेचना निरीक्षक विनोद कुमार वर्धन द्वारा पूर्ण कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया था। मॉनीटरिंग सेल बदायूं और थाना कुंवरगांव के पैरोकार कांस्टेबल विपिन कुमार तथा विशेष लोक अभियोजक वीरेन्द्र सिंह वर्मा की प्रभावी पैरवी के चलते अदालत ने शनिवार को यह फैसला सुनाया।
अदालत ने मुख्य अभियुक्त उदयप्रताप को पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में 20-20 वर्ष के कठोर कारावास व 50-50 हजार रुपये अर्थदंड, तथा अपहरण व दुष्कर्म की धाराओं में 10-10 वर्ष के कठोर कारावास व 10-10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई (सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी)। वहीं, साक्ष्य के अभाव में सह-अभियुक्त अनोखेलाल, धनवती और प्रीति को दोषमुक्त कर दिया गया।
Budaun Amarprabhat