शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान
दातागंज। तहसील क्षेत्र के ग्राम छछौ में बदहाल बिजली व्यवस्था के चलते ग्रामीण भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की विद्युत आपूर्ति मझारा बिजलीघर से होती है, लेकिन पूरे मोहल्ले की बिजली व्यवस्था ठप होने के बावजूद विभागीय अधिकारी और कर्मचारी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, समस्या के समाधान के लिए वे कई बार विद्युत हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करा चुके हैं और मझारा बिजलीघर पहुंचकर भी अधिकारियों को अवगत कराया है। इतना ही नहीं, बीती 16 नवंबर को ग्रामीणों ने बिजलीघर में लिखित शिकायत देकर उसकी बाकायदा रिसीविंग भी प्राप्त की थी, लेकिन 22 नवंबर तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। फोन पर संपर्क करने पर जिम्मेदार केवल जल्द टीम भेजने का कोरा आश्वासन देकर टालमटोल कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में तैनात कुछ लाइनमैन फॉल्ट और बिजली ठीक करने के नाम पर अवैध रूप से पैसों की मांग करते हैं और बिना सुविधा शुल्क लिए काम करने को तैयार नहीं होते। बार-बार गुहार और लिखित सूचना के बाद भी मझारा बिजलीघर के अधिकारियों की चुप्पी पर ग्रामीणों में भारी रोष है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर गांव की बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने, लापरवाही बरतने वालों की जांच करने और पैसे मांगने के आरोपों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Budaun Amarprabhat