Breaking News

मंडी समिति के सचल दल पर हमले में घायल सुरक्षा गार्ड की बरेली में इलाज के दौरान मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Spread the love

उझानी (बदायूं)। नगर में मंडी शुल्क की चोरी रोकने में जुटे कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचल दल पर तीन दिन पहले हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल सुरक्षा गार्ड की बरेली स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार रात मौत हो गई। सुरक्षा गार्ड की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मंडी कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अब पूर्व में दर्ज मुकदमे को हत्या की धाराओं में तरमीम करने की तैयारी कर रही है।
घटनाक्रम के अनुसार, करीब तीन दिन पूर्व रात के समय मंडी समिति का सचल दल उझानी के अंबेडकर चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही मिर्च से लदी एक पिकअप को टीम ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन को सहसवान मार्ग की ओर भगा ले गया। सचल दल ने पीछा कर ग्राम कूड़ा नरसिंहपुर के समीप पिकअप को रोक लिया और मंडी संबंधित प्रपत्र मांगे।
आरोप है कि कागजात मांगने पर चालक भड़क गया और उसने फोन कर अपने करीब आधा दर्जन साथियों को मौके पर बुला लिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से सचल दल पर हमला बोल दिया। इस हमले में सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बदायूं मेडिकल कॉलेज से हायर सेंटर बरेली रेफर किया गया था, जहां शनिवार रात उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक सुरक्षा गार्ड मूल रूप से बदायूं के रहने वाले थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उझानी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सोलंकी ने मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जा रही है तथा वाहन संख्या के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

टीएमयू के नर्सिंग छात्रों को दिए सफलता के मंत्र, कैसे करेंगे चुनौतियों का सामना

Spread the love तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ नर्सिंग की ओर से स्टुडेंट्स नर्सेस …