संवाददाता : जगत
विकास खंड जगत परिसर में शुक्रवार को ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी संघ से जुड़े सचिवों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर दरी बिछाकर शांतिपूर्वक धरना दिया। सचिवों ने अपने मूल विभागीय दायित्वों के अतिरिक्त बिना संसाधन उपलब्ध कराए अन्य विभागों के कार्य जबरन कराने, अव्यवहारिक ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू करने तथा सेवा शर्तों को स्पष्ट न किए जाने पर कड़ा विरोध जताया।
धरना स्थल पर जिला अध्यक्ष विशाल पटेल ने संबोधित करते हुए कहा कि सचिव ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं—सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन, रिकॉर्ड संधारण और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की निगरानी उन्हीं के कंधों पर है। इसके बावजूद वेतनमान, पदोन्नति, कार्यस्थल सुरक्षा और सेवा शर्तें अब तक स्पष्ट नहीं की गईं। ऊपर से ऑनलाइन हाजिरी थोपने और गैर विभागीय कार्यों का निरंतर दबाव सचिवों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि आंदोलन टकराव नहीं, बल्कि अपनी न्यायपूर्ण मांगों को सरकार तक पहुंचाने का शांतिपूर्ण प्रयास है।
धरना समाप्ति पर सचिवों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डॉ. मनीष सिंह वर्मा, खंड विकास अधिकारी जगत को सौंपा।
सचिवों ने यह भी आह्वान किया कि—
मांगें पूरी न होने तक सभी सचिव सरकारी व्हाट्सऐप समूह छोड़ देंगे।
10 दिसंबर 2025 से मोटर चलित वाहन का उपयोग बंद करेंगे।
15 दिसंबर 2025 को अपने डिजिटल हस्ताक्षर वाले डोंगल विकास खंड कार्यालय में जमा करेंगे।
धरना स्थल पर सचिव नदीम, धर्मेंद्र शाक्य, विजय शाक्य, वीर सिंह, सेवाराम, दीपाकुल, अशोक, सतीश शाक्य, माला पटेल, रीना पाठक सहित खंड जगत में तैनात अनेक सचिव उपस्थित रहे।
अंत में जिला अध्यक्ष विशाल पटेल ने कहा कि आंदोलन रचनात्मक और सकारात्मक है, तथा यह तब तक जारी रहेगा जब तक सचिवों को उनका उचित अधिकार नहीं मिल जाता।
Budaun Amarprabhat