बदायूँ : राष्ट्रीय लोक अदालत में 49,071 वादों का निस्तारण
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूँ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बदायूँ द्वारा आज दिनांक 13.12.2025 को जनपद बदायूँ में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री विवेक संगल, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूँ ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजली अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर श्री संगल ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत एक ऐसा मंच है, जहां पक्षकार आपसी समझौते के माध्यम से सस्ता और सुलभ न्याय प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आम-जन को बैंक विवाद, पारिवारिक मामलों और अन्य लंबित मामलों के समाधान हेतु लोक अदालत का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। दिव्यांगजन विभाग के सहयोग से दिव्यांगजनों को 01 ट्राईसाइकिल वितरित की गई।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती शिव कुमारी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक मामलें, एनआई एक्ट के तहत धारा 138, मोटर दुर्घटना, वैवाहिक/पारिवारिक विवाद, श्रम सम्बन्धी वाद, भूमि अधिग्रहण, किरायेदारी, ट्रैफिक चालान, राजस्व विवाद और विद्युत बिल आदि मामलों का निस्तारण किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न न्यायालयों एवं संस्थाओं द्वारा किए गए निस्तारण का विवरण इस प्रकार रहा:
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण: 57 मामलों का निस्तारण, 34,93,460 रुपये पीड़ितों को वितरित।
उपभोक्ता फोरम: 7 मामलों का निस्तारण, 46,51,791 रुपये पीड़ितों को वितरित।
स्थाई लोक अदालत: 4 मामलों का निस्तारण, 12,54,000 रुपये पीड़ितों को वितरित।
प्री-लिटिगेशन वाद: 41,464 मामले विभिन्न बैंकों, बीएसएनएल, स्थानीय निकाय एवं अन्य वादों में निस्तारित।
न्यायालयों में लंबित सिविल और फौजदारी वाद: 7,607 मामले निस्तारित।
इस प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 49,071 वादों का निस्तारण सफलतापूर्वक किया गया।
इस अवसर पर जनपद न्यायालय के सभी सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण, जिला सिविल बार एसोसिएशन एवं जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्तागण, संबंधित बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी, स्वयंसेवी उपस्थित रहे। समेकित प्रयासों से राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया गया।
Budaun Amarprabhat