Breaking News

राशन वितरण के दौरान कोटेदार से अभद्रता, जातिसूचक गालियों का आरोप

Spread the love

मुजरिया। थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्हाई में जाहरवीर स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित उचित दर की दुकान पर राशन वितरण के दौरान हंगामा हो गया। कोटे की संचालिका संतोष कुमारी के साथ गांव के ही कुछ लोगों द्वारा गाली-गलौच व अभद्रता किए जाने से राशन वितरण प्रणाली बाधित हो गई।

इस संबंध में ग्राम कोल्हाई निवासी नेत्रपाल सिंह शैलानी पुत्र रामचरन लाल ने मुजरिया थाना प्रभारी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनकी पत्नी संतोष कुमारी मंगलवार को विधिवत रूप से राशन वितरण कर रही थीं। इसी दौरान गांव का ही राय सिंह पुत्र सियाराम दुकान पर पहुंचा और कम राशन तौलने का आरोप लगाते हुए संचालिका से अभद्र व्यवहार करने लगा। समझाने पर उसने गंदी-गंदी गालियां दीं, जिससे वितरण कार्य प्रभावित हो गया।

शिकायत में बताया गया कि हंगामे की सूचना पर गांव सहित आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। इसी बीच दुकान के पीछे रहने वाला सतेंद्र सिंह भी सड़क पर आ गया और उसने संतोष कुमारी को जातिसूचक गालियां देते हुए धमकी दी।

संचालिका संतोष कुमारी का कहना है कि राय सिंह एक दिन पहले ही अपना राशन ले जा चुका था और उस समय उसने कोई आपत्ति नहीं की थी। दूसरे दिन वह जानबूझकर दुकान पर आकर विवाद करने लगा। वहीं सतेंद्र सिंह पर आरोप है कि वह बीते कई महीनों से उनके परिवार के खिलाफ अलग-अलग अधिकारियों से झूठी शिकायतें करता चला आ रहा है, जिससे परिवार का मानसिक व सामाजिक उत्पीड़न हो रहा है।

नेत्रपाल सिंह शैलानी ने आरोपियों से अपने व परिजनों की जान-माल की सुरक्षा को खतरा बताते हुए गुटबंद लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

— संवाददाता : नेत्रपाल सैलानी


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

शहीद भगत सिंह कोचिंग में मनाया शिक्षक दिवस विद्यार्थियों ने गुरुजनों का सम्मान कर जताया आभार

Spread the love बदायूं। शिक्षक दिवस के अवसर पर शहीद भगत सिंह कोचिंग, बदायूं में …