
बकाया न चुकाने पर 210 कनेक्शन कटे, 15 लाख की राजस्व वसूली
बिसौली
छुट्टी के दिन भी बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर कैंप लगाकर समस्याओं का समाधान किया। इस दौरान 135 विद्युत उपभोक्ताओं ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ उठाया।
अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी ने बताया कि सरकार की मंशा है कि विद्युत उपभोक्ता मुफ्त समाधान योजना का अधिक से अधिक लाभ लें और आसानी से अपने बकाया बिल जमा कर सकें। इसी उद्देश्य से विद्युत वितरण खंड कार्यालय को प्रतिदिन खोला जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं गुरुवार को एसडीओ अमित कुमार के नेतृत्व में विद्युत बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 210 बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, जबकि लगभग 15 लाख रुपए की राजस्व वसूली की गई।
उपखंड अधिकारी अमित कुमार ने बकायेदार उपभोक्ताओं से समय से बिजली बिल जमा करने की अपील की और कहा कि बिल जमा न करने पर अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इस मौके पर जेई मो. मियां कुरैशी, जेई दिनेश कुमार, कमलेश कुमार, संगम, अनिल, उमेश, नवीन, मोहसिन रजा, ऐजाजउद्दीन सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat