Breaking News

माघ मेला ढाईघाट 2025-26 की तैयारियों को लेकर प्रशासन मुस्तैद, दो जिलों के डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

Spread the love

संवादाता काजल मिश्रा
शाहजहांपुर।
जिला पंचायत शाहजहांपुर द्वारा आयोजित किए जाने वाले माघ मेला ढाईघाट 2025-26 की तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को मेला स्थल ढाईघाट पर एक आवश्यक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शाहजहांपुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं जिलाधिकारी फर्रुखाबाद आशुतोष कुमार द्विवेदी ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान दोनों जनपदों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन द्वारा बताया गया कि ढाईघाट पर गंगा तट तक पक्के मार्ग से दो रास्ते बनाए गए हैं, जिनमें एक आगमन एवं एक प्रस्थान मार्ग होगा। इसके अलावा बाजार क्षेत्र में दो अतिरिक्त मार्ग, आम जनता के लिए एक बाईपास मार्ग तथा एक वीआईपी मार्ग का निर्माण किया गया है, जिससे भीड़ और यातायात को नियंत्रित किया जा सके।
श्रद्धालुओं और साधु-संतों की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में 300 हैंडपंप/नल लगाए गए हैं, जबकि 40 हैंडपंप रिजर्व में रखे गए हैं। सभी नलों की देखरेख के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। विद्युत व्यवस्था के अंतर्गत जनरेटर के माध्यम से 300 ट्यूबलाइट, 400 बल्ब एवं 40 सर्चलाइट लगाने की व्यवस्था की गई है।
जिला पंचायत द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल, फायर सर्विस, स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा विभाग के लिए टेंट, शामियाना, कुर्सी, चारपाई, दरी सहित अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की गई है। महिला श्रद्धालुओं के लिए महिला घाट पर 5 चेंजिंग रूम भी बनाए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के तहत मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा एक चिकित्सक, एक कंपाउंडर एवं एक वार्ड बॉय की तैनाती दवाइयों सहित की गई है। पशु चिकित्सा सेवाओं के लिए भी चिकित्सक एवं स्टाफ की व्यवस्था रहेगी। मेला क्षेत्र में खोया-पाया केंद्र जिला पंचायत कैंप कार्यालय में स्थापित किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करते हुए 12 गोताखोरों की 24 घंटे तैनाती की जाएगी। रिवर पुलिस एवं स्टीमर की व्यवस्था भी की गई है। पुरुषों के लिए 50 और महिलाओं के लिए 30 शौचालयों के साथ मोबाइल शौचालय लगाए जाएंगे। सफाई व्यवस्था हेतु 40 सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं, वहीं जिलाधिकारी ने 20 अतिरिक्त सफाईकर्मियों की व्यवस्था के निर्देश दिए।
भीड़ नियंत्रण के लिए दो वॉच टावर लगाए जाएंगे। मेला कोतवाली का निर्माण तथा चार पुलिस चौकियों की स्थापना की जाएगी। वर्तमान 10 सीसीटीवी कैमरों के अतिरिक्त मुख्य स्थल, बाजार क्षेत्र एवं प्रमुख मार्गों पर कम से कम 100 और कैमरे लगाए जाएंगे। भारी वाहनों को कोलाघाट मोड़ पर रोकने एवं पार्किंग के लिए समुचित स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। मीडिया कर्मियों के लिए घाट पर मीडिया सेंटर भी स्थापित किया जाएगा।
प्रशासन ने माघ मेला के प्रमुख स्नान पर्वों की तिथियां भी जारी की हैं, जिनमें 3 जनवरी (पौष पूर्णिमा), 15 जनवरी (मकर संक्रांति), 18 जनवरी (मौनी अमावस्या), 23 जनवरी (वसंत पंचमी), 1 फरवरी (माघी पूर्णिमा) और 15 फरवरी (महाशिवरात्रि) शामिल हैं।
इस मौके पर जिलाधिकारी शाहजहांपुर ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा साफ-सफाई, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। वहीं जिलाधिकारी फर्रुखाबाद ने श्रद्धालुओं से स्वच्छता और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) फर्रुखाबाद अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शाहजहांपुर रजनीश कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी कलान अभिषेक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर दीक्षा भंवरे, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बदायूं में जिला स्तरीय वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम आयोजित

Spread the loveसाइबर सुरक्षा, डिजिटल लेन-देन और सरकारी योजनाओं पर दी गई विस्तृत जानकारी संवाददाता: …

error: Content is protected !!