बदायूँ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ डॉ. बृजेश कुमार सिंह के कुशल निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे गिरफ्तारी अभियान के अंतर्गत थाना सहसवान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एसबीआई मुख्य शाखा सहसवान के गेट से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
थाना सहसवान पर पंजीकृत मु0अ0सं0 291/25 धारा 303(2) बीएनएस अज्ञात के अनावरण हेतु की जा रही कार्रवाई के दौरान दिनांक 03 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नाधा रोड से बिसौली रोड की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से अभियुक्त मनोज पुत्र प्रताप सिंह निवासी कमालपुर जल्लूनगर थाना जरीफनगर जनपद बदायूँ को चोरी की एक अदद मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर संख्या UP24BF4051 के साथ गिरफ्तार किया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि करीब छह माह पूर्व वह दिन के समय एसबीआई मुख्य शाखा सहसवान आया था, जहां से उसने उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी। चोरी के बाद वह मोटरसाइकिल को अपने घर ले गया और उसे बेचने की कोशिश कर रहा था। आज वह एक अज्ञात व्यक्ति को मोटरसाइकिल बेचने के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त मोटरसाइकिल चोरी करने का आदी है। अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी थाना सहसवान व जरीफनगर में मुकदमे पंजीकृत हैं। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Budaun Amarprabhat