
बदायूं।
म्याऊ क्षेत्र के गंगाधर पाठक बाल विद्या मंदिर में आयोजित त्रिदिवसीय स्काउट प्रशिक्षण शिविर का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हुआ। शिविर के दौरान बच्चों ने तंबुओं का शहर बसाकर स्काउट जीवन की व्यवहारिक झलक प्रस्तुत की। प्रतियोगिताओं में स्काउट वर्ग में चंद्रशेखर आजाद टोली एवं गाइड वर्ग में रानी लक्ष्मीबाई कंपनी आल ओवर चैंपियन रही।
समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुरभित पाठक ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी अद्भुत क्षमताओं को पहचानें और अपनी ऊर्जा को सृजनात्मक कार्यों में लगाकर महान लक्ष्य की प्राप्ति करें।
विशिष्ट अतिथि सोनी पाठक ने कहा कि श्रेष्ठ संस्कारों से युवाओं में नवीन ऊर्जा का संचार होता है, जिससे भावनाएं शुद्ध और आचरण पवित्र बनता है।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं का अनुशासित जीवन ही राष्ट्र का मस्तक ऊंचा करता है। श्रेष्ठ नागरिक बनकर अपने जीवन को उत्कृष्ट एवं महान बनाना चाहिए।
स्काउट संस्था के वरिष्ठ प्रशिक्षक नंदराम शाक्य ने कहा कि युवा अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी समझें और अपनी शक्ति व सामर्थ्य को राष्ट्रहित में लगाएं।
प्रतियोगिताओं में स्काउट वर्ग में चंद्रशेखर आजाद एवं सरदार भगत सिंह टोली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। छत्रपति वीर शिवाजी, बाल गंगाधर तिलक एवं सरदार वल्लभभाई पटेल टोली द्वितीय स्थान पर रही, जबकि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप, डॉ. भीमराव अंबेडकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम एवं उधम सिंह टोली को तृतीय स्थान मिला।
गाइड वर्ग में रानी लक्ष्मीबाई एवं जोधाबाई कंपनी प्रथम, रानी पद्मावती द्वितीय तथा राधे कृष्णा व गार्गी कंपनी तृतीय स्थान पर रहीं।
निर्णायक की भूमिका में शिक्षिका वेदराम, रत्नेश शर्मा एवं अनुराग पाठक रहे। विजेता टोलियों को मुख्य अतिथि, प्रधानाचार्या सुरभित, शिक्षक गौरव सिंह, राजेश एवं विमल पाठक द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राजवीर सिंह, सुरजीत कुमार, वासुदेव मिश्रा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat