Breaking News

मनकरी गांव में आवारा कुत्ते का आतंक, तीन बच्चों समेत पांच लोग घायल, बच्ची की हालत नाजुक

Spread the love

बरेली।
फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव मनकरी में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को मंदिर पर आयोजित खिचड़ी भोज कार्यक्रम के दौरान एक आवारा पागल कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें तीन बच्चों समेत पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए। कुत्ते के हमले में एक बच्ची के चेहरे पर गहरे घाव आए हैं, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मनकरी गांव निवासी भारतीय किसान यूनियन के मीरगंज तहसील अध्यक्ष सुधीर बालियां ने बताया कि गांव में मंदिर पर खिचड़ी भोज का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ता वहां आ गया और उसने लोगों पर हमला कर दिया। हमले में नन्हें लाल की 5 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी को कुत्ते ने बुरी तरह काट लिया।
घटना के बाद परिजन बच्ची को तत्काल फतेहगंज पश्चिमी स्थित खिरका के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में बच्ची का इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के मंडल अध्यक्ष चौधरी अरुण सिंह राठी एवं ग्राम प्रधान ने बताया कि कुत्ते के हमले में 5 वर्षीय लक्ष्मी, 8 वर्षीय प्रज्ञा, 3 वर्षीय अभी, 35 वर्षीय कपिल और 60 वर्षीय भोले राम घायल हुए हैं। कुत्ते के हमले से गांव में दहशत का माहौल है।
चौधरी अरुण सिंह राठी ने बताया कि मनकरी गांव में आवारा कुत्तों के साथ-साथ आवारा सांड भी किसानों के लिए बड़ी समस्या बने हुए हैं। आवारा जानवर फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, जिससे किसान रात में खेतों की रखवाली करने से भी डर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से आवारा जानवरों को पकड़वाकर जंगल में छोड़े जाने की मांग की है।
मीरगंज के एसडीएम एवं सचिव हर्ष चौहान ने बताया कि मनकरी गांव में आवारा कुत्ते द्वारा लोगों को काटने की सूचना मिली है। घायलों में कपिल पुत्र जयवीर, प्रज्ञा पुत्री हरिद्वारी और भोले राम शामिल हैं। जल्द ही गांव में आवारा जानवरों को पकड़वाने की कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

तहसील बार एसोसिएशन की मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक बार हाल में आयोजित

Spread the loveबिसौली। तहसील बार एसोसिएशन की मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक बार हाल में …

error: Content is protected !!