बिल्सी।
नगर के मोहल्ला संख्या तीन स्थित मौर्य बस्ती के प्राचीन ललिता देवी मंदिर परिसर में मंगलवार को श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ बजरंगबली हनुमान जी की प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर नगर में हनुमान जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ भाग लिया।
शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
हनुमान जी की मूर्ति को नगर भ्रमण कराते हुए निकाली गई शोभायात्रा में पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। ढोल-नगाड़ों, भजनों और जय श्रीराम के नारों से नगर गूंज उठा। श्रद्धालु जगह-जगह पुष्पवर्षा करते नजर आए।
विधायक ने किया मंदिर का शुभारंभ
शाक्य समाज द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में विधायक हरीश शाक्य ने नवनिर्मित मंदिर का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इससे पूर्व हनुमान जी की मूर्ति की विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ प्राण-प्रतिष्ठा कराई गई।
पंडितों ने संपन्न कराए धार्मिक अनुष्ठान
धार्मिक अनुष्ठान पंडित भुवनेश शर्मा एवं पंडित कमलकांत शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। इसके उपरांत मूर्ति की स्थापना की गई और श्रद्धालुओं ने बजरंगबली के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
4 फरवरी को होगा विशाल भंडारा
आयोजन समिति ने बताया कि बुधवार 4 फरवरी को श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नगर एवं आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर बनवारी लाल शाक्य, रामवीर शाक्य, मलखान शाक्य, भूप सिंह शाक्य, गोपाल शाक्य, जितेंद्र शाक्य, पूरनलाल शाक्य, प्रखर माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat