किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर दिया ज्ञापन, भारत-विदेश व्यापार से किसानों पर असर की चिंता जताई
बदायूं। 12 फरवरी को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) बदायूं संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता किसान साथी मालवीय आवास गृह पर एकत्र हुए। इसके बाद उन्होंने भारत-अमेरिका डील के विरोध में जोरदार नारेबाजी करते हुए जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय का रुख किया और डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपते समय जिले के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष ने कहा कि भारत में पहले पाम ऑयल आयात किया गया, जिससे आज तक किसानों को सरसों की उचित कीमत नहीं मिल पाई। इसी तरह नकली मेंथा ऑयल के आयात ने किसानों की मेंथा फसल चौपट कर दी।
उन्होंने बताया कि अब भारत-अमेरिका डील में दूध, अनाज और अन्य कृषि उत्पाद अमेरिका से आयेंगे, जिससे स्थानीय किसानों की उपज प्रभावित होगी और किसानों को भारी नुकसान हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसान संयुक्त मोर्चा इस प्रकार की नीतियों को कभी सफल नहीं होने देगा।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि यह वही भाजपा सरकार है जिसने पहले डंकल प्रस्ताव का विरोध किया था और अब उसी प्रस्ताव को नाम बदलकर अमेरिका-भारत डील के रूप में लागू किया गया है।
किसानों ने नारे लगाते हुए अपनी एकजुटता जताई – “जय जवान, जय किसान, जय टिकैत, जय टिकैत परिवार”.
Budaun Amarprabhat