संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। शहर भाजपा विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने अपने आराध्य देव स्थल हरि बोल धाम के विकास कार्यों के लिए राज्य सरकार से 75 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई है। यह धनराशि वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से जारी की गई है।
स्वीकृत बजट से धाम परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मल्टीपरपज हॉल, पेयजल व्यवस्था, पथ प्रकाश समेत कई आधारभूत कार्य कराए जाएंगे। कार्यदायी संस्था द्वारा शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू किए जाने की बात कही गई है।
गौरतलब है कि पड़ोसी जनपद संभल के गुन्नौर क्षेत्र स्थित हरि बोल धाम पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मान्यता है कि हरि बोल महाराज की कृपा से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। विधायक महेश चंद्र गुप्ता समय-समय पर धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना करते रहे हैं और क्षेत्र व देश की खुशहाली की कामना करते हैं। उनका पूरा परिवार भी हरि बोल महाराज को अपना आराध्य मानता है।
कुछ समय पूर्व श्रद्धालुओं ने धाम पर सुविधाओं के विस्तार की मांग की थी, जिस पर विधायक ने शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया था। इसी क्रम में उन्होंने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर प्रस्ताव को आगे बढ़ाया। उनके प्रयासों के बाद शासन ने 75 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी।
वर्जन
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि हरि बोल धाम के विकास के लिए शासन को प्रस्ताव दिया गया था। उन्हें खुशी है कि सरकार ने 75 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की है। उन्होंने कहा, “हरि बोल मेरे आराध्य देव हैं। उनकी कृपा से ही सब कुछ होता है। अच्छा सोचो, अच्छा होगा—आज नहीं तो कल जरूर होगा।”
Budaun Amarprabhat