सीसीटीवी निगरानी व कड़ी तलाशी के बीच हुई हिंदी की परीक्षा
संवाददाता: आई एम खान, बिसौली (बदायूं)
नगर में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा पहले दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षार्थी निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। परीक्षा को लेकर छात्रों में उत्साह भी देखा गया, जबकि प्रशासन की पूरी प्रक्रिया पर पैनी नजर रही।
रामशरण वैद्य आदर्श इंटर कॉलेज, मई-बसई में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में आयोजित की गई। परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व आंतरिक उड़ाका दल के सदस्य रामाधार शर्मा, सुधाकर शर्मा और रेनू कुमारी ने परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
केंद्र व्यवस्थापक डॉ. घनश्याम दास ने बताया कि सुबह की पाली में हाईस्कूल हिंदी के 505 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 90 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट हिंदी एवं सामान्य हिंदी के 470 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 100 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 190 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन परीक्षा कराना उनकी प्राथमिकता है।
केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार (विपणन निरीक्षक बदायूं), बाह्य केंद्र व्यवस्थापक विष्णु कांत, परीक्षा प्रभारी विपिन शर्मा, सह प्रभारी हरदीप सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अमित पाराशरी सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। परीक्षा के दौरान केंद्र पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
Budaun Amarprabhat