संवाददाता: आई एम खान , बिसौली
यूपी बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन पहली पाली में हाईस्कूल कंप्यूटर तथा द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट नागरिक शास्त्र की परीक्षा क्षेत्र के सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन की ओर से कड़े इंतजाम किए गए थे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों के बाहर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ परीक्षार्थी पेपर को लेकर आत्मविश्वास से भरे नजर आए, जबकि कई छात्र-छात्राएं प्रश्नपत्र की जटिलता को लेकर चर्चा करते दिखे। बाहर निकलते ही बच्चों ने आपस में प्रश्नों और अपने अनुभवों को साझा किया।
रामशरण वैद्य आदर्श इंटर कॉलेज मई-बसई में इंटरमीडिएट नागरिक शास्त्र की परीक्षा सीसीटीवी कैमरों व वॉइस रिकॉर्डर की कड़ी निगरानी में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा शुरू होने से पूर्व आंतरिक सचल दल प्रभारी रामाधार शर्मा, सुधाकर शर्मा व रेनू कुमारी ने परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
केंद्र व्यवस्थापक डॉ. घनश्याम दास ने बताया कि द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट नागरिक शास्त्र विषय में कुल 110 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 35 अनुपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए केंद्र प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार (पूर्ति निरीक्षक बदायूं), बाह्य केंद्र व्यवस्थापक विष्णु कांत, परीक्षा प्रभारी विपिन शर्मा, सह प्रभारी हरदीप सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अमित पाराशरी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सुरक्षा के दृष्टिगत केंद्र पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
Budaun Amarprabhat