संवाददाता: गोविंद देवल, बिसौली
एसआईआर अभियान के तहत जारी किए गए नोटिसों का जवाब देने में मतदाताओं को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। क्षेत्र में ऐसे सैकड़ों मतदाता हैं जो अब तक अपने आवश्यक दस्तावेज पूरे नहीं कर सके हैं, जिससे उनमें असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
गुरुवार को तहसील सभागार में एईआरओ एवं खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने 232 से 252 तक क्रमांक वाले मतदाताओं के नोटिसों के संबंध में जनसुनवाई की। नोटिस प्राप्त कर दस्तावेजों के साथ पहुंचे मतदाताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। इस दौरान नन्हीं, तनिशी, चित्रा, हुकम सिंह, नीलम, उर्मिला देवी, आमिर खान, सोनी देवी, मालती, मीना कुमारी, सुमन, अंकित कुमार शर्मा, प्रीति देवी, ओमबीर, सोमवार, शिवानी माहेश्वरी सहित कई मतदाताओं के अभिलेख प्राप्त कर ऑनलाइन अपलोड किए गए।
राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाता अपनी पहचान के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, परिवार रजिस्टर की नकल, बैंक पासबुक आदि दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं के माता-पिता का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें केवल एक दस्तावेज देना पर्याप्त होगा।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि नोटिस मिलने पर घबराएं नहीं, बल्कि निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराएं, ताकि उनकी मतदाता सूची संबंधी प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके।
Budaun Amarprabhat