इस्लामनगर (बदायूं)। कस्बे में कच्ची मटर के छिलकों से निकलने वाला पानी सड़क हादसों का कारण बनता जा रहा है। सड़क पर फैल रही फिसलन के कारण राहगीर और वाहन चालक लगातार चोटिल हो रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ गई है।
रविवार को बिसौली रोड स्थित एक मटर प्लांट से कच्ची मटर के छिलके ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर बहजोई की ओर ले जाए जा रहे थे। छिलकों से भरी ट्रॉली से रास्ते में भारी मात्रा में पानी सड़क पर गिरता रहा, जिससे बहजोई रोड पर कई स्थानों पर सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई। इसी दौरान अलग-अलग जगहों पर कई बाइक सवार फिसलकर गिर पड़े और चोटिल हो गए।
सूचना मिलने पर पीआरवी 9398 मौके पर पहुंची। पीआरवी में तैनात कांस्टेबल दीपक बलियान और विनोद कुमार ने राहगीरों की मदद की और घटना की जानकारी थाने को दी। पुलिस के पहुंचने के बाद घायल बाइक सवारों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद मजदूरों से सड़क पर सूखी मिट्टी डलवाकर फिसलन कम कराई, ताकि आगे कोई हादसा न हो सके। पुलिस ने मटर प्लांट मालिक को नोटिस देने की बात भी कही और निर्देश दिया कि गीले छिलकों का पानी सुखाकर ही वाहनों को सड़क पर भेजा जाए, जिससे ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
ताजा घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जब एक बाइक सवार फिसलन के कारण गिरकर घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मटर के छिलके ले जाने वाले वाहनों से लगातार पानी टपकता रहता है, जिससे सड़क खतरनाक हो गई है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि मटर प्लांट से निकलने वाले छिलकों के परिवहन के दौरान उचित व्यवस्था की जाए, ताकि सड़क पर गंदगी और कीचड़ न फैले और लोगों को राहत मिल सके। स्थानीय लोगों ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
Budaun Amarprabhat